चम्पावत ,
*मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत लोहाघाट में स्वास्थ्य, रक्तदान एवं तंबाकू नियंत्रण शिविर का सफल आयोजन*
मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश भर में जन-कल्याण के लिए संचालित *‘सेवा संकल्प अभियान’* के अंतर्गत जनपद के लोहाघाट क्षेत्र में विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कालाकोट में एक स्वास्थ्य कैंप का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी द्वारा किया गया। इस शिविर के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उत्तम स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।अभियान की इसी कड़ी में पॉलिटेक्निक कॉलेज लोहाघाट में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 20 यूनिट रक्तदान किया। आयोजकों ने रक्तदान को आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी बताते हुए आम जनता से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से तंबाकू नियंत्रण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए विशेष परामर्श सत्र आयोजित किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के काउंसलर हरीश पाण्डेय ने लगभग 50 लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें तंबाकू के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान और नशामुक्ति जैसे जन-सरोकारों को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को घर के पास ही बेहतर चिकित्सा परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे शिविरों का निरंतर आयोजन किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभांवित हो सकें।
Kamal bhandari editor in chief ।

