लोहाघाट में संवरेगा बालिका एथलीटों का भविष्य, 257 करोड़ के गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण*

चम्पावत ,

*लोहाघाट में संवरेगा बालिका एथलीटों का भविष्य, 257 करोड़ के गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण*

*छमनिया गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण में तेजी: जिलाधिकारी ने परखी गुणवत्ता, दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश*मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की खेल और महिला सशक्तिकरण की प्राथमिकताओं के अनुरूप, चंपावत के छमानिया में निर्माणाधीन भव्य *’गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज’* के विकास कार्यों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। लगभग 257 करोड़ (256 करोड़ 96 लाख) रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विभिन्न ढांचागत कार्यों का बारीकी से अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को बालिका खिलाड़ियों के इस ड्रीम प्रोजेक्ट शीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश दिए।इस संबंध में जानकारी देते हुए जेई ने अवगत कराया कि फुटबॉल ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड और वॉलीबॉल कोर्ट के निर्माण का कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा इन तीनों खेल मैदानों को आगामी दिसंबर माह तक पूरी तरह से अंतिम रूप देकर तैयार कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि परिसर में हॉस्टल, प्रशासनिक ब्लॉक, बहुउद्देशीय हॉल, आवासीय क्वार्टर और स्पेक्टेटर स्टैंड (दर्शकों के बैठने का क्षेत्र) के निर्माण कार्य भी लगातार जारी हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी पक्षों की गहनता से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं ताकि राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।जिलाधिकारी ने परियोजना के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह स्पोर्ट्स कॉलेज न केवल चंपावत बल्कि पूरे उत्तराखंड की बालिकाओं के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। यहाँ मिलने वाले अत्याधुनिक संसाधन, आधुनिक ट्रैक और विशेषज्ञ प्रशिक्षण से स्थानीय ग्रामीण बेटियों को राष्ट्रीय एवं विश्व स्तरीय खेल पटल पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के नए अवसर मिलेंगे।निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, अभियंता व अन्य उपस्थित रहे।

Kamal bhandari editor in chief

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *