चंपावत ,
*सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चम्पावत में न्याय पंचायत वार लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नोडल अधिकारियों को दिए दिशा – निर्देश*
मा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जन-जन तक केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने इस अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ संचालित करने के लिए न्याय पंचायत वार नोडल अधिकारियों की तैनाती करते हुए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के आदेशानुसार जनपद के विभिन्न न्याय पंचायतों एवं विकास खंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार प्रातः 11 बजे से शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित नीतियों, उपलब्धियों तथा ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से जन-सामान्य को जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत 25 सितंबर को मोहनपुर (राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज टनकपुर), 29 सितंबर को सिंगदा (राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगदा), 1 अक्टूबर को कमलेख (राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपलाटी), 6 अक्टूबर को डुमडाई (राजकीय इंटर कॉलेज पुल्ला), 8 अक्टूबर को कूड़ (प्राथमिक पाठशाला कूड़), 13 अक्टूबर को बमनजौल (रामलीला प्रांगण धूरा), 15 अक्टूबर को बापरू (राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्लागांव) तथा 17 अक्टूबर को रैसाल (राजकीय इंटर कॉलेज दशेलेव मडुआ) में शिविर आयोजित होंगे। आयोजित होने वाले इन बहुउद्देशीय शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, पेयजल, बिजली, पशुपालन तथा बैंकिंग सहित कुल 23 रेखीय विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने स्टॉल लगाकर जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में देंगे और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि नोडल अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक जनभागिता सुनिश्चित करेंगे। शिविर से पूर्व पेयजल, स्वच्छता, बैठने एवं विद्युत व्यवस्था पूर्ण की जाएगी। शिविर के उपरांत अधिकारी निकटवर्ती गांवों का भ्रमण कर सभी पात्र व्यक्तियों से आवेदन पत्र भरवाएंगे ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। प्राप्त शिकायतों को सूचीबद्ध कर संबंधित विभागों को निस्तारण हेतु भेजा जाएगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन के इन आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।
kamal bhandari editor in chief ।

