चंपावत ,
*सेवा संकल्प अभियान: सीमांत क्षेत्रों तक पहुँच रहीं जनकल्याणकारी योजनाएँ,
ग्राम धोनीसीलिंग में 40 काश्तकारों को वितरित किए गए सब्जी बीज*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेश भर में संचालित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनपद में विभिन्न जनोपयोगी कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना तथा राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।इसी श्रृंखला में उद्यान विभाग द्वारा शुक्रवार को ग्राम सभा धोनीसीलिंग में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ क्षेत्र के 40 काश्तकारों को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च गुणवत्ता वाले सब्जी बीज निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कृषकों को कीवी मिशन, एप्पल मिशन तथा पॉलीहाउस (संरक्षित खेती) योजना के संदर्भ में तकनीकी एवं वित्तीय बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं कृषकों का आह्वान किया कि वे आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासकीय अनुदान वाली योजनाओं को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएँ। शासन-प्रशासन का संकल्प है कि जिले के अंतिम छोर पर स्थित व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं त्वरित लाभ बिना किसी बाधा के पहुँचे।
kamal bhandari editor in chief .

