जिलाधिकारी मनीष कुमार की अपील रंग लाई, अर्थ ऑवर पर चम्पावत ने अंधेरे में दिखाया जागरूकता का उजाला

एक घंटे का अंधेरा, पर्यावरण के प्रति जागरूक चम्पावत की संवेदनशीलता

वैश्विक पर्यावरणीय पहल अर्थ ऑवर (Earth Hour) के अवसर पर जनपद चम्पावत में जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अपील पर 28 मार्च की रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक जनपदभर में एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में एक सशक्त और सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

जनपद के शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक इस पहल को उल्लेखनीय समर्थन प्राप्त हुआ। घरों, बाजारों, कार्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में नागरिकों ने स्वेच्छा से भाग लेते हुए ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई। कई स्थानों पर लोगों ने इस दौरान परिवार एवं समुदाय के साथ समय बिताते हुए प्रकृति के महत्व पर चर्चा की, जिससे यह पहल जनपद में केवल एक कार्यक्रम न रहकर जनजागरूकता का व्यापक अभियान बन गई।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने इस जनभागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अर्थ ऑवर केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हम सभी को प्रकृति, ऊर्जा और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि चम्पावत के नागरिकों द्वारा इस अभियान को जिस प्रकार समर्थन मिला है, वह जनपद की पर्यावरणीय जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल एक दिन या एक घंटे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हम सभी को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। छोटी-छोटी आदतें—जैसे अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखना, ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग को अपनाना—भविष्य में बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकती हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे इसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहकर वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *