चंपावत |
छोटे से पहाड़ी जिले चंपावत से एक बड़ी प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। महज 21 वर्ष की उम्र में गौरव जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 104 हासिल कर भारतीय सेना में अफसर बनने का सपना साकार किया है।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले गौरव की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उनकी माता मीना जोशी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रूप में सेवा दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर गौरव ने यह मुकाम हासिल किया।
ग्राम बाराबाटी, नरियाल गांव के मूल निवासी गौरव वर्तमान में चंपावत नगर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत से प्राप्त की और अब सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत परिसर से स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
गौरव का चयन अब भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के लिए हुआ है, जहां वे लगभग डेढ़ वर्ष के कठिन प्रशिक्षण से गुजरेंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
गौरव की इस सफलता ने पूरे चंपावत जिले में खुशी की लहर दौड़ा दी है। उनके परिजन, शिक्षक और क्षेत्रवासी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
अपनी सफलता का श्रेय गौरव ने अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि “अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।”
उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि छोटे शहरों से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

