चंपावत। पुलिस परिवार के लिए गर्व का क्षण तब और खास बन गया, जब अपर उपनिरीक्षक सागर सिंह बिष्ट के पुत्र आयुष्मान ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) परीक्षा में 22वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि से पूरे जनपद के साथ-साथ हल्द्वानी क्षेत्र में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। आयुष्मान मूल रूप से हल्द्वानी के रहने वाले हैं। उनकी इस शानदार सफलता पर जिलाधिकारी ने उनके पिता सागर सिंह बिष्ट को सम्मानित किया और आयुष्मान के घर लौटते ही उन्हें भी सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया है। डीएम मनीष कुमार ने आयुष्मान की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल पुलिस परिवार बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आयुष्मान और उनके पिता को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
जिलाधिकारी ने किया सम्मानित, पुलिस कर्मी के पुत्र की सफलता से जिले में खुशी की लहर

