चंपावत। जनपद में खराब मौसम के बीच बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। तेज आंधी-बारिश के चलते जहां घंटों बिजली गुल रही वहीं आपूर्ति बहाल होने पर कई इलाकों में हाई वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरणों के फुंकने की शिकायतें सामने आई हैं।प्रभावित क्षेत्रों में टीवी, फ्रिज, मोटर पंप समेत अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने की बात कही जा रही है। पहले से ही मौसम की मार झेल रहे लोगों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक नुकसान बनकर सामने आया है। खेतीखान क्षेत्र के व्यापारी जीवन ओली ने बताया कि वोल्टेज के उतार-चढ़ाव की समस्या लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि शाम सात बजे के बाद भी विभाग की ओर से कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है और बहाल होने पर वोल्टेज में अचानक उतार-चढ़ाव हो जाता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंच रहा है। बताया कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं में टीवी, यूएसबी उपकरण और प्रिंटर खराब हो चुके हैं। संवाद
बिजली ने बढ़ाई मुसीबत घंटों कटौती के बाद हाई वोल्टेज से उपकरण फुंके

