एनडी कलेक्टिव के पहले ‘उत्तराखंडी सोशल मीटअप’ में यूकेभर से जुटे लोग
लंदन। विदेशों में रह रहे उत्तराखंडियों को संस्कृति और समुदाय से जोड़ने के उद्देश्य से लंदन स्थित युवा संगठन एनडी कलेक्टिव (ND Collective) ने अपना पहला “उत्तराखंडी सोशल मीटअप” आयोजित किया। कार्यक्रम में यूके के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में उत्तराखंडी समुदाय के लोग शामिल हुए।
दीक्षा राणा और विपुल सिंह कन्याल द्वारा स्थापित इस संस्था की शुरुआत सोशल मीडिया पर उत्तराखंडी संस्कृति से जुड़े छोटे वीडियो साझा करने से हुई थी। धीरे-धीरे यह पहल एक बड़े सांस्कृतिक मंच के रूप में विकसित हो गई।
260 से अधिक लोगों ने दिखाई रुचि
दीक्षा राठौर और निषाद सिंह कन्याल द्वारा स्थापितऑनलाइन शुरू हुई इस कम्युनिटी को तीन महीनों में ही अच्छा समर्थन मिला। पहले मीटअप के लिए 260 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन रुचि दिखाई, जबकि मैनचेस्टर, बर्मिंघम, लीड्स समेत कई शहरों से लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम में उत्तराखंडी लोकसंगीत, पारंपरिक भोजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और नेटवर्किंग के जरिए लोगों को “घर जैसा एहसास” देने का प्रयास किया गया। आयोजन के कुछ हिस्सों का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण भी किया गया, ताकि दुनियाभर में रह रहे उत्तराखंडी इससे जुड़ सकें।
संस्कृति और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रहेगा फोकस
संस्थापकों ने बताया कि एनडी कलेक्टिव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। संस्था भविष्य में योग और वेलनेस सेशन, नेटवर्किंग इवेंट, पॉडकास्ट, डिजिटल कंटेंट और सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से वैश्विक उत्तराखंडी समुदाय को जोड़ने पर काम करेगी।
संस्था उत्तराखंड के छोटे व्यवसायों, कलाकारों और क्रिएटर्स को अंतरराष्ट्रीय मंच देने की दिशा में भी काम करेगी।


