टनकपुर। रोडवेज वर्कशॉप के पास रविवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव द्वारा जनपद में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी फायर स्टेशनों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में दिनांक 18 मई 2026 को क्षेत्राधिकारी टनकपुर श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी फायर स्टेशन टनकपुर श्री अमर सिंह के नेतृत्व में फायर टीम ने मुस्तैदी का परिचय दिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची। जवानों ने मोटर फायर इंजन (MFE) से पंपिंग कर होज रील और फायर हुक की सहायता से आग को पूरी तरह बुझा दिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया गया।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
फायर टीम में एलएफएम राजेन्द्र नाथ, डीवीआर कृष्ण सिंह, एफएम उमेश सिंह, एफएम विक्रम गिरी तथा एफएम भावना पन्त शामिल रहे।

