आसमानी आफत के बाद प्रशासन बना सहारा: डीएम ने पीड़ित परिवार को दिलाई तत्काल राहत, रेड क्रॉस से मिले कंबल-तिरपाल


चम्पावत | बड़ी खबर
आकाशीय बिजली की भयावह घटना से टूट चुके पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन मददगार बनकर सामने आया। जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे प्रभावित परिवार की पीड़ा सुनते ही जिलाधिकारी चंपावत श्री मनीष कुमार ने तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए, जिसके बाद पीड़ित परिवार को तुरंत राहत राशि उपलब्ध कराई गई तथा रेड क्रॉस के माध्यम से कंबल और तिरपाल भी प्रदान किए गए।
मामला तहसील चम्पावत अंतर्गत ग्राम गढ़कोट पट्टी क्षेत्र के तोक डाबरी का है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से श्री डूंगर देव पुत्र श्री सीताराम की गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली गिरने के बाद गौशाला की छत पर रखी सूखी घास में आग लग गई, जिससे वहां मौजूद एक गाय की बछिया जलकर दर्दनाक मौत का शिकार हो गई, जबकि एक दुधारू गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व एवं पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार चम्पावत बृजमोहन आर्या, राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक और पशु चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र रिपोर्ट तैयार कर पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार हर संभव सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे पीड़ित परिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से भावुक पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *