चंपावत घटना के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका

  • भाजपा नेता पर लगे दुष्कर्म के आरोप को लेकर कांग्रेस का हमला
  • आरोपियों को संरक्षण देने का लगाया आरोप, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बागेश्वरI चंपावत जिले में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बृहस्पतिवार को बागेश्वर के एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया और आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि चंपावत में भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष पर लगे दुष्कर्म के आरोप ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा पदाधिकारियों पर इस तरह के गंभीर आरोप लग चुके हैं, लेकिन सरकार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का काम किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और सख्त सजा सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड जैसे शांत प्रदेश में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और देवभूमि की बेटियों में भय का माहौल पैदा हो रहा है।

इस दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल परिहार, कमलेश गाढ़िया, राहुल बाराकोटी, कैलाश नाथ, गौरव परिहार और युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष उम्मेद गाढ़िया समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *