भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय चम्पावत द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में पुनरीक्षण कार्य में तैनात कार्मिकों के लिए दो चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है।
प्रथम चरण का प्रशिक्षण 22 मई से 29 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बीएलओ, सुपरवाइजर, सेक्टर अधिकारी, आईटी वॉलंटियर्स के साथ-साथ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम पाटी, बाराकोट, लोहाघाट, चम्पावत एवं टनकपुर तहसील क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके उपरांत द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 02 जून से 04 जून 2026 तक संबंधित ब्लॉक एवं तहसील सभागारों में आयोजित किया जाएगा। सभी प्रशिक्षण सत्र प्रातः 11 बजे से निर्धारित स्थलों पर प्रारंभ होंगे।
प्रथम चरण प्रशिक्षण कार्यक्रम
22 मई 2026 — ब्लॉक सभागार पाटी एवं ब्लॉक सभागार चम्पावत
23 मई 2026 — ब्लॉक सभागार बाराकोट
25 मई 2026 — ब्लॉक सभागार लोहाघाट एवं तहसील सभागार टनकपुर
26 मई 2026 — ब्लॉक सभागार पाटी (बीएलए हेतु) एवं ब्लॉक सभागार चम्पावत (बीएलए हेतु)
28 मई 2026 — ब्लॉक सभागार बाराकोट (बीएलए हेतु) एवं तहसील सभागार टनकपुर (बीएलए हेतु)
29 मई 2026 — ब्लॉक सभागार लोहाघाट (बीएलए हेतु)
द्वितीय चरण प्रशिक्षण कार्यक्रम
02 जून 2026 — ब्लॉक सभागार पाटी
03 जून 2026 — ब्लॉक सभागार बाराकोट एवं ब्लॉक सभागार चम्पावत
04 जून 2026 — ब्लॉक सभागार लोहाघाट एवं तहसील सभागार टनकपुर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 54-लोहाघाट एवं 55-चम्पावत विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों की प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि संबंधित कार्मिकों को समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होने हेतु सुनिश्चित करें, ताकि निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण का यह विशेष अभियान निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।

