चंपावत,
*नेटवर्क व्यवस्था सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता, दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं हो विस्तार: जिलाधिकारी*
*लाभार्थीपरक योजनाओं, एसआईआर, आगामी चुनावों, मेलों एवं आपदा प्रबंधन को देखते हुए लंबित नेटवर्क व्यवस्था के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला टेलीकॉम समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, भारतनेट योजना की प्रगति, मोबाइल नेटवर्क विस्तार तथा आपदा के दौरान निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने दूरसंचार से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, आगामी निर्वाचन, धार्मिक मेलों तथा आपदा जैसी परिस्थितियों में मजबूत संचार व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करें।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) को निर्देशित किया कि जनपद के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों बूम, मंच तथा पूर्णागिरि में वायरलेस सेटअप (रेडियो संचार प्रणाली) स्थापित करने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित न हो और राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन प्रभावी ढंग से किया जा सके।बैठक में भारतनेट योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से ग्राम पंचायतों तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भारतनेट परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है।जिलाधिकारी ने एयरटेल एवं जियो के प्रतिनिधियों को जनपद के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बूम, चूका, थूलीगाड़ तथा पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने को कहा, जिससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध हो सके।बैठक में बीएसएनएल के जेटीओ श्री विजय बहादुर ने अवगत कराया कि विविल (लोहाघाट), कलचौड़ (लोहाघाट), ब्रह्मदेव (टनकपुर) तथा धरसौ में टेलीकॉम टावरों से संबंधित सिविल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही इन क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाएं सुचारु कर दी जाएंगी।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री जी.एस. खाती, बीएसएनएल के डीई श्री आशीष कुमार, जेटीओ श्री विजय बहादुर, एसडीओ श्री सुनील कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल श्री विजय सकारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
Kamal bhandari editor in chief ।

