जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय से रोडवेज तक किया व्यापक निरीक्षण, सड़क, पेयजल, पार्किंग व सफाई व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त किये जाने के दिए निर्देश*

चम्पावत,

*जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय से रोडवेज तक किया व्यापक निरीक्षण, सड़क, पेयजल, पार्किंग व सफाई व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त किये जाने के दिए निर्देश*

*गड्ढामुक्त सड़क, सुचारु जल निकासी एवं समयबद्ध निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*जनपद में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शनिवार को जिला चिकित्सालय से रोडवेज स्टेशन तक राष्ट्रीय राजमार्ग, निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों, पेयजल पाइपलाइन, नालियों, सिटी सेंटर तथा सफाई व्यवस्था का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों को तत्काल भरने, ब्लैकटॉप कराने तथा सड़क किनारे जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़क पर लगातार बह रहे पानी से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, इसलिए इसके स्थायी समाधान के लिए तत्काल कार्यवाही की जाए, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिल सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश देते हुए कहा कि रिसाव के कारण पेयजल की बर्बादी के साथ-साथ सड़कें भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्माणाधीन पार्किंग कार्यों में तेजी लाने तथा ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) को जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन पार्किंग का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने नगर पालिका को नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई, सड़क किनारे पड़े मलबे एवं कंक्रीट को हटाने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेट लिस्ट एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संचालक को सख्त निर्देश दिए कि दुकान के आसपास किसी भी व्यक्ति को शराब का सेवन न करने दिया जाए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने रोडबेज हेतु प्रस्तावित सिटी सेंटर का निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग नियमित समन्वय के साथ कार्य करें तथा आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता सीएनडीएस गिरीश पंत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सुनील दत्ताल, जल संस्थान के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भरत त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *