मा. मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों पर आयोजित जनता मिलन में प्राप्त हुये कुल 208 आवेदनो में अधिकांश का हुआ मौके पर निस्तारण, अन्य आवेदनो पर आवश्यक कार्यवाही के दिए निर्देश*

चम्पावत,

*मा. मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों पर आयोजित जनता मिलन में प्राप्त हुये कुल 208 आवेदनो में अधिकांश का हुआ मौके पर निस्तारण, अन्य आवेदनो पर आवश्यक कार्यवाही के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, अधिकांश मामलों में मौके पर हुई त्वरित कार्रवाई*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, जनसुनवाई एवं जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 208 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास, सड़क, विद्युत, पेयजल, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, चेनलिंक फेंसिंग, पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। इस दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं आवेदन को पूरी गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा जिन प्रकरणों का तत्काल निस्तारण संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए।जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा मुख्य रूप से आपदा से क्षतिग्रस्त निजी परिसंपत्तियों, सड़क निर्माण, सीमांत एवं वन क्षेत्रों में सोलर लाइट की आवश्यकता, हाल की वर्षा से क्षतिग्रस्त पेयजल संरचनाओं की मरम्मत से जुड़े प्रकरण प्रस्तुत किए गए जिनमें से प्राथमिकता के अनुसार सम्बंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।जनता मिलन के दौरान ग्राम किमवाड़ी से जशोधर पचौली ने तालाब का कार्य पूर्ण होने के बाद भी भुगतान नहीं होने की शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने जिला मत्स्य प्रभारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य ने प्रकरण पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समस्या का निस्तारण कर दिया।ग्राम सैदोला बोरा से बसंती देवी ने आवास एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी चम्पावत एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।ग्राम पंचायत भगाना-भंडारी के ग्रामीणों एवं दुकानदारों ने नारियलगांव बाजार में पांच सोलर लाइट लगाए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने उरेडा विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत दियूरी के तोक चौड़ा से हिमांशु जोशी ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ तथा सोलर लाइट लगाए जाने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने कृषि एवं उरेडा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।ग्राम पंचायत रमैला के ग्राम प्रधान नीरज बोहरा ने आपदा से क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी केंद्र रमैला की मरम्मत के साथ ही प्राथमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल रमैला में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, शौचालय की मरम्मत तथा सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को प्रकरणों का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।ग्राम बुड़चौड़ा से शिवम फर्त्याल ने जन्म प्रमाण पत्र में जन्मतिथि में सुधार के लिए आवेदन दिया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार निर्मला जोशी, संदीप कुमार पाण्डेय, सूरज सिंह महर, कृष्णानंद जोशी, सरिता देवी एवं हेमा देवी सहित अन्य लोगों ने तारबाड़, सुरक्षा दीवार, पेयजल, सोलर लाइट एवं किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन सभी प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, परियोजना निदेशक अजय सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *