चम्पावत
*जिला अस्पताल चम्पावत में 18 से 20 सितम्बर तक आयोजित होगा तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, अपोलो अस्पताल दिल्ली की टीम देगी सेवाएं*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आमजन को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन चम्पावत एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में *”सेवा संकल्प अभियान”* के अंतर्गत जिला अस्पताल चम्पावत में 18, 19 और 20 सितम्बर 2026 को तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में *अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली* के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 सितम्बर से 20 सितम्बर 2026 तक जिला अस्पताल चम्पावत में आयोजित होने वाले इस शिविर में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और जनरल फिजिशियन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही शिविर में बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी), पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट), ईसीजी, ब्लड प्रेशर (रक्तचाप), आरबीएस (रैंडम ब्लड शुगर) एवं अन्य विभिन्न प्रकार की रक्त जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी, जिससे स्थानीय नागरिकों को विशेषज्ञ सलाह के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने समस्त जनपदवासियों से आग्रह किया है कि वे इस तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य का परीक्षण अवश्य कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि शिविर में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण की जाएं।
kamal bhandari editor in chief ।

