चंपावत
*सेवा संकल्प अभियान: ग्राम पंचायत रांकड़ी फुलारा में कृषि-उद्यान शिविर आयोजित, 28 कृषकों को निःशुल्क सब्जी बीज वितरित एवं विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चंपावत में संचालित हो रहे ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत राकड़ी फुलारा में एक दिवसीय ग्राम स्तरीय कृषक शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के कृषकों को कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में त्वरित सहयोग प्रदान करते हुए उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करना रहा।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने बताया कि आयोजित शिविर के दौरान क्षेत्र के 28 जरूरतमंद एवं प्रतिभावान कृषकों को उन्नत किस्म के सब्जी बीजों का निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ कृषकों की आजीविका एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, उद्यान विभाग चंपावत के अधिकारियों द्वारा उपस्थित कृषकों को विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, कृषि अनुदान (सब्सिडी) व्यवस्था तथा बागवानी की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने हेतु आवेदन प्रक्रियाओं से अवगत कराया। यह जनहितैषी पहल जिले में उद्यानिकी के समग्र विकास और कृषकों के सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम साबित हो रही है।
kamal bhandari editor in chief ।

