चंपावत ,
*सेवा संकल्प अभियान: चंपावत में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर सुगम यातायात हेतु व्यापक रखरखाव एवं सफाई कार्य जारी*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद चंपावत में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत यातायात को सुचारू, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों सहित जनपद के अन्य प्रमुख सड़क मार्गों पर वर्षा एवं भूस्खलन के कारण उत्पन्न अवरोधों को हटाने के लिए निरोधात्मक एवं रखरखाव संबंधी कार्य निरंतर गतिमान हैं।वर्षाकाल के दौरान पहाड़ियों से सड़कों पर आए मलबे एवं बोल्डरों को तुरंत हटाकर मार्गों को यातायात के लिए बहाल किया जा रहा है। इस कार्य में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), लोक निर्माण विभाग (PWD), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) तथा अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाएं एवं सड़क निर्माण एजेंसियां द्वारा जनपद के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर सड़क मार्गों के रखरखाव, मलबे की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।इसी क्रम में यात्रियों की सुरक्षा तथा वाहन चालकों को सड़क मार्गों पर बेहतर दृष्टि-सीमा (विजिबिलिटी) सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत स्तर पर झाड़ी कटान (बुश कटिंग) का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही सड़कों पर एकत्रित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सड़क किनारे बनी नालियों की विशेष सफाई भी कराई जा रही है, ताकि वर्षा का पानी सड़कों पर एकत्र न होकर सुचारू रूप से निकल सके।जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन, स्थानीय निवासियों एवं जनपद में आने वाले पर्यटकों की यात्रा को पूर्णतः सुरक्षित एवं सुगम बनाना है। संभावित मार्ग अवरोधों पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा सड़क मार्गों को निरंतर साफ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

