बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट: 26 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद ।
भारी से अत्यन्त भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं की चेतावनी; जिला प्रशासन अलर्ट मोड परबागेश्वर, 25 सितंबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर जनपद में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यन्त भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों, गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाने की सलाह दी है। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों से बचने की अपील भी की गई है।26 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाशसुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर को बागेश्वर जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।आकाशीय बिजली के दौरान बरतें विशेष सावधानीप्रशासन ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत पोल से दूर रहने की सलाह दी है। लोगों से सुरक्षित भवन में रहने तथा मौसम प्रतिकूल होने पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौसम खराब होने की स्थिति में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने की अनुमति न देने के निर्देश भी दिए गए हैं।जेसीबी और मशीनरी तैयार, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानीसंभावित आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सड़क मार्गों पर जेसीबी एवं आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बाधित मार्गों को तत्काल सुचारू करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।सभी चौकी एवं थाना क्षेत्रों में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।अधिकारियों को नियमित भ्रमण के निर्देशजिलाधिकारी ने सभी तहसील एवं संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर मौसम और परिस्थितियों पर नजर रखने तथा आपदा या दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।नगर क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्टों में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने और जिला सूचना तंत्र के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।“सतर्कता और सावधानी ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय”जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने, अनावश्यक जोखिम न उठाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।उन्होंने कहा कि सतर्कता एवं सावधानी ही सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।
kamal bhandari editor in chief ।

