आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आक्रोश: एसडीएम के खिलाफ जिलेभर में फूटा गुस्सा, की जोरदार नारेबाजी

चंपावत | संवाददाता

चंपावत के अ​धिसूचित धरना स्थल में लगातार आठवें दिन भी अपनी मांगो को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। लोहाघाट में धरना दे रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को जब एसडीएम की ओर से परिसर से जबरन हटाने का प्रयास किया गया, तो इसकी आग पूरे जिले में फैल गई। इस घटना के विरोध में शुक्रवार को जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाएं बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचीं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


धरनास्थल पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने अधिसूचित धरना स्थल पर एकत्रित होकर सरकार विरोधी नारे लगाए। चंपावत जिला संगठन अध्यक्ष दीपा पांडेय ने कहा कि मानदेय में वृद्धि के लिए वे कई दिनों से धरने पर बैठी हैं, लेकिन सरकार अब तक नहीं जागी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा।


बेड़ीनाग में भी जारी है धरना-प्रदर्शन

बेड़ीनाग (पिथौरागढ़): मानदेय में वृद्धि सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का धरना-प्रदर्शन यहां भी जारी है। कार्यकत्रियों ने तहसीलदार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।

ब्लॉक अध्यक्ष आशा तताराड़ी ने कहा कि सेवानिवृत्त होने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री को 10 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दिए जाने का शासनादेश जल्द जारी होना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कार्यकत्रियों को नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।


एसडीएम के व्यवहार की निंदा

लोहाघाट के एसडीएम द्वारा कार्यकत्रियों के साथ किए गए व्यवहार को “बेहद निंदनीय” बताते हुए मिनी कर्मचारी संगठन की प्रदेश सदस्य विमला पनेरू ने कहा कि संबंधित अधिकारी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।

पाटी ब्लॉक की अध्यक्ष बबीता जोशी ने कहा कि प्रशासन द्वारा लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।


प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कार्यकत्रियां

कृष्ण भंडारी, संगीता भंडारी, दीपा तताराड़ी, मीना, कमला, रचना, दीपा सहित लोहाघाट के ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत, बबीता फुलारा, मीना बोहरा, माना जोशी, दीपा देवी, माया देवी, लक्ष्मी जोशी आदि इस प्रदर्शन में शामिल रहीं।


आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *