बीस सूत्रीय कार्यक्रम में चम्पावत फिर अव्वल, लगातार 8 माह से नंबर-1—99.19% अंकों के साथ रचा रिकॉर्ड

चम्पावत | जनपद ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। दिसंबर माह की रैंकिंग में जनपद ने 99.19 प्रतिशत अंक (122/123) प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा है। खास बात यह है कि चम्पावत लगातार आठ माह (जुलाई से फरवरी) तक प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

इस उपलब्धि के पीछे पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में बेहतर समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी के अनुसार, जनपद ने कुल 40 रैंकिंग मदों में से 39 में ‘A’ श्रेणी और 1 में ‘B’ श्रेणी हासिल की है। उल्लेखनीय है कि किसी भी मद में ‘C’ या ‘D’ श्रेणी नहीं रही, जो योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को दर्शाता है।

प्रदेश की रैंकिंग में बागेश्वर 97.44 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और पिथौरागढ़ 95.73 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि लक्ष्य केवल रैंकिंग में शीर्ष पर रहना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने आगामी महीनों में भी इसी प्रदर्शन को बनाए रखने और परिणाम-आधारित कार्य संस्कृति को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *