‘पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल परिसर, चम्पावत में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर, चम्पावत में वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृभूमि के प्रति हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। वृक्षारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं आमजन से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, एसएसबी के जवान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *