“गोल्ज्यू देवता के दरबार से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चम्पावत से मांगा न्याय का आशीर्वाद”

चम्पावत। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल का रविवार को पहली बार चम्पावत जनपद आगमन हुआ। टनकपुर पहुंचने पर उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पूर्व विधायक श्री हेमेश खर्कवाल के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया और टनकपुर से चम्पावत तक विभिन्न स्थानों पर लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

चम्पावत पहुंचने के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सबसे पहले न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज के पावन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और सभी ने गोल्ज्यू देवता के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि गोल्ज्यू देवता का यह दरबार न्याय का प्रतीक है। यहां वर्षों से लोगों द्वारा टांगे गए स्टाम्प पेपर और प्रार्थना पत्र इस बात के प्रमाण हैं कि लोगों की न्याय में अटूट आस्था है। उन्होंने कहा, “मैंने भी प्रभु से प्रार्थना की है कि वे न्याय करें और प्रदेश की जनता के हित में सही निर्णय का मार्ग प्रशस्त करें।”

कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति और प्रदेश के मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी उनका चम्पावत जनपद में दिनभर का कार्यक्रम प्रस्तावित है। विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे विस्तार से मीडिया के सामने कांग्रेस की भावी रणनीति और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष के पहली बार चम्पावत आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *