चम्पावत,
*पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें राजनीतिक दल : संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी*भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का द्वारा भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर की गहन समीक्षा की गयी।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों एवं उनके बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पात्र मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराकर तथा बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे इसके लिए सम्बंधित अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाएं रखें । यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है तो पुनः नोटिस जारी कर आवश्यकतानुसार चस्पा किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों से समन्वय करते हुये आवश्यक जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है साथ ही अपात्र मतदाताओं को चिन्हित करना भी आवश्यक है, जिससे लोकतान्त्रिक प्रक्रिया को अधिक मजबूत बनाया जा सके । उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान में सकारात्मक सहयोग करने का आह्वान किया।बैठक में बूथवार सत्यापन, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, आवश्यक अभिलेखों की जांच तथा निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य श्री सतीश चन्द्र पाण्डेय, बीएलए प्रथम बीजेपी श्री शंकर दत्त पाण्डेय, श्री रोहित बिष्ट, श्री नंदन त्यागी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस श्री चिराग फर्त्याल, बीएलए-1 कांग्रेस भुवन चंद्र चौबे, बसपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री आनंद प्रसाद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
kamal bhandari editor in chief ।

