जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की संवेदनशील पहल पर जनपद के सुदूरवर्ती ग्राम खिरद्वारी के जनजातीय परिवारों की लंबे समय से चली आ रही गैस रिफिलिंग की समस्या के समाधान की दिशा में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुँची खिरद्वारी गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उन्हें गैस कनेक्शन तो उपलब्ध हो गए हैं, लेकिन रिफिलिंग के लिए चम्पावत स्थित गैस एजेंसी तक पहुंचना उनके लिए कठिन और खर्चीला साबित हो रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने मांग की कि उनके गैस कनेक्शन टनकपुर गैस एजेंसी से संबद्ध किए जाएं, जिससे उन्हें राहत मिल सके।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट द्वारा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि कंपनी अधिकारियों के साथ वार्ता सकारात्मक रही है तथा आवश्यक तकनीकी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कर ग्राम खिरद्वारी के उपभोक्ताओं को टनकपुर गैस एजेंसी से ही गैस रिफिलिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।

