सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पालिका का अभियान, 3 दुकानदारों पर ₹1700 जुर्माना

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पाए जाने पर 03 दुकानदारों के चालान किए गए तथा कुल ₹1700 का जुर्माना वसूला गया। नगर पालिका की टीम ने संबंधित दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने कहा कि नगर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर पालिका पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से कपड़े, जूट एवं अन्य पर्यावरण हितैषी थैलों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है।

अभियान के दौरान नगर पालिका टीम द्वारा लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण हितैषी लोहाघाट के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान भी किया गया।

इस दौरान पालिका कार्मिक प्रमोद महर, सागर नाथ, जयवर्धन शाह एवं संदीप वाल्मीकि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *