स्व-गणना पोर्टल से जुड़ें नागरिक, जनगणना-2027 को बनाएं सफल: डीएम

चम्पावत में जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नागरिकों से स्व-गणना पोर्टल से जुड़कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने की अपील की है।


चम्पावत। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक उत्तराखण्ड में डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक रूप दिया गया है। प्रगणकों द्वारा डेटा संकलन के लिए विशेष “एचएलओ एप्लीकेशन” का उपयोग किया जाएगा, जिससे कार्य की गति और सटीकता में सुधार होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए एक ऑनलाइन पोर्टल 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक लोगों को इस डिजिटल पहल से जोड़ें। उन्होंने बताया कि स्व-गणना की 15 दिन की अवधि पूरी होने के बाद अगले 30 दिनों तक प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि डेटा प्रविष्टि के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और स्व-गणना पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं, इसलिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *