कालाढूंगी में शनिवार सुबह वन विभाग के विश्राम गृह के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति का अचानक गुलदार से सामना हो गया। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 निवासी एक व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते को टहला रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा गुलदार अचानक सामने आ गया।
गुलदार को देखकर व्यक्ति ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार वापस झाड़ियों में चला गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में भय बना हुआ है।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। लोगों ने विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की निगरानी करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

