टनकपुर नगर क्षेत्र में उप-जिला चिकित्सालय एवं मा० मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के समीप उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी द्वारा संचालित पाइप लाइन बिछाने के कार्य के दौरान मार्ग में उत्पन्न अस्थायी अवरोध को जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से दुरुस्त कर दिया गया है। अब संबंधित मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से सुचारू कर दिया गया है।
उक्त स्थल पर सड़क पर मलबा जमा होने तथा चिकित्सालय मार्ग पर गड्ढे होने के कारण आमजन एवं मरीजों को हो रही असुविधा की सूचना संज्ञान में आई थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार संबंधित विभाग द्वारा तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
पाइप लाइन बिछाने हेतु की गई खुदाई के उपरांत सड़क पर एकत्रित मलबे की ड्रेसिंग एवं शिफ्टिंग का कार्य रात्रि में ही पूर्ण कर लिया गया। साथ ही उप-जिला चिकित्सालय मार्ग पर जी.एस.बी. फिलिंग कर मार्ग को सुदृढ़ किया गया, जिससे सड़क की स्थिति में त्वरित सुधार संभव हो सका।
परियोजना अधिकारी उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास विभाग श्री अंकित आर्या द्वारा अवगत कराया गया है कि कार्य पूर्ण होने के पश्चात अगली सुबह तक मार्ग को पूर्ण रूप से मोटर योग्य बना दिया गया था। वर्तमान में एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक वाहनों का चिकित्सालय तक आवागमन निर्बाध रूप से संचालित हो रहा है।
उन्होने कहा की पाइप लाइन बिछाने का कार्य शहर के दीर्घकालिक विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान उत्पन्न होने वाली अल्पकालिक असुविधाओं को न्यूनतम करने हेतु विभाग निरंतर प्रयासरत है।

