चम्पावत,
*वर्षाकालीन पौधरोपण अभियान से चम्पावत में बढ़ेंगी फल उत्पादन की संभावनाएँ*
*पौधरोपण से फल उत्पादन तक, चम्पावत में बागवानी को मिल रही नई मजबूती*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में उद्यान विभाग, चम्पावत द्वारा वर्षाकालीन मौसम में व्यापक फलदार पौधरोपण एवं पौध वितरण अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत कृषकों के सहयोग से जनपद में उद्यान विभाग द्वारा कुल 56,754 फलदार पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया।जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने जानकारी देते हुये बताया कि जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों एवं स्थानीय जलवायु के अनुरूप कृषकों को विभिन्न फल प्रजातियों एवं किस्मों के पौधे उपलब्ध कराए गए। इनमें प्रमुख रूप से आम, लीची, माल्टा, कलमी माल्टा, बीजू संतरा, कटहल, पपीता एवं शरीफा आदि शामिल हैं। पौध वितरण एवं रोपण को ग्राम स्तर तक पहुंचाने में कृषकों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय संगठनों की भी सहभागिता रही।उन्होंने बताया कि अभियान से जनपद के लगभग 4,500 कृषक प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। इन पौधों के बेहतर संरक्षण एवं आगामी वर्षों में फल उत्पादन शुरू होने के साथ जनपद में फल उत्पादन की संभावनाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे कृषकों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलने के साथ ही फल आधारित कृषि को बढ़ावा मिलेगा।उद्यान विभाग द्वारा पौध वितरण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिन ग्रामों में पौधों का वितरण किया गया है, वहां संबंधित उद्यान सचल दल प्रभारियों एवं विभागीय कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर भ्रमण कर पौधों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।पौधों के संरक्षण को जनसहभागिता से जोड़ने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है। ग्राम स्तर पर पौध वितरण के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को पौधों की देखरेख के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पौधे के संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं स्वामित्व की भावना विकसित हो।जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि उद्यान विभाग का प्रयास केवल पौधों के वितरण तक सीमित न रहकर “पौध वितरण से पौध संरक्षण और पौध संरक्षण से फल उत्पादन” की दिशा में आगे बढ़ने का है। पौधों की बेहतर जीवितता एवं विकास सुनिश्चित कर आगामी वर्षों में चम्पावत में फल उत्पादन को बढ़ावा देने तथा कृषकों की आय के अवसरों को मजबूत करने की दिशा में विभाग द्वारा निरंतर कार्य किया जाएगा।
kamal bhandari editor in chief ।

