शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची हेतु समीक्षा बैठक संपन्न

अपर जिलाधिकारी श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में प्री-एसआईआर एवं एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, अतः इसकी शुद्धता एवं अद्यतनता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, दोहराव या अपूर्णता न रहे, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

अपर जिलाधिकारी ने वर्ष 2003 की मूल नामावली एवं वर्तमान मतदाता सूची के मध्य बीएलओ ऐप के माध्यम से की जा रही मैपिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे जनपद में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाताओं के सत्यापन एवं डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व क्षेत्रवार सत्यापन, दस्तावेजों का मिलान एवं आवश्यक प्रविष्टियों का अद्यतन कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न हो।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पुनरीक्षण कार्य प्रभावी एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र बिष्ट, आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *