चम्पावत को ₹65.95 करोड़ की सुरक्षा सौगात! धामी बोले— शारदा तटबंध बनेगा आने वाली पीढ़ियों की मजबूत ढाल”

बूमघाट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो बड़ी बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया शिलान्यास, सेवा पखवाड़ा के स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से किया संवाद, महिलाओं संग बनाई रोटी-चटनी।चम्पावत, 05 जुलाई 2026।चम्पावत जनपद को रविवार को विकास और सुरक्षा की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि “शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और विकसित चम्पावत की मजबूत नींव है।”मुख्यमंत्री ने ₹60.20 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के किनारे तटबंध निर्माण तथा ₹5.75 करोड़ की लागत से पूर्णागिरी तहसील के छीनीगोठ क्षेत्र में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का पारंपरिक कुमाऊँनी संस्कृति के अनुरूप टीका, पटका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत लगाए गए कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, डेयरी और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुँचे।कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के स्टॉल पर पहुंचे और उनके साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी तैयार की। मुख्यमंत्री के सहज और सरल व्यवहार ने लोगों का दिल जीत लिया।स्वास्थ्य शिविर में मुख्यमंत्री ने निक्षय योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ शारदा लाखों लोगों की आजीविका का आधार हैं और उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे शारदा कॉरिडोर के माध्यम से क्षेत्र को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, ₹58.52 करोड़ का आधुनिक साइंस सेंटर, टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कृषि, सैनिक कल्याण और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी अनेक योजनाओं पर भी तेजी से कार्य जारी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि, शारदा, गोल्ज्यू और वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों, किसानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

Kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *