लगातार बारिश में भी सुचारु रहा स्वाला डेंजर जोन, प्रशासन के प्रयास रंग लाए

चंपावत जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच स्वाला डेंजर जोन का सुचारु रूप से चालू रहना बड़ी राहत की खबर बनकर सामने आया है। जहां पहले हल्की बारिश में भी यह क्षेत्र कई दिनों तक बंद हो जाता था, वहीं इस बार लगातार वर्षा के बावजूद यातायात बाधित नहीं हुआ। इसका श्रेय जिला प्रशासन और विशेष रूप से जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रयासों को दिया जा रहा है। वाहन स्वामियों, यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसके लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

बुधवार तड़के करीब 4 बजे से जिले में लगातार बारिश हो रही है, जो रुकने का नाम नहीं ले रही। बारिश के चलते कई नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है और खेत-खलिहान पानी से भर गए हैं। इससे किसानों की परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं, वहीं कुछ स्थानों पर आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।

इस बीच मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सुबह 8 बजे अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों में चंपावत में 14.50 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लोहाघाट में 4.50 मिमी, पाटी में 1.00 मिमी, जबकि टनकपुर और बनबसा में 4-4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

लगातार बारिश के बावजूद जिले की सभी प्रमुख सड़कें—राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग, एमडीआर और ओडीआर—पर यातायात सामान्य बना हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यदि बाहर जाना जरूरी हो तो पूरी सावधानी के साथ यात्रा करें। जिले में फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी है, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *