चंपावत 04 जुलाई 2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के ‘आदर्श जनपद चम्पावत’ की परिकल्पना आज जिले के प्रत्येक क्षेत्र और सुदूरवर्ती इलाकों तक मजबूती से पहुँच रही है। सरकार की इस दूरगामी सोच के अनुरूप समाज के अंतिम छोर पर बैठे प्रत्येक नागरिक को हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने का कार्य निरंतर जारी है। मा0 मुख्यमंत्री जी के इसी विजन को धरातल पर पूरी निष्ठा के साथ उतारने में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा चम्पावत के दूरस्थ से दूरस्थ गांवों तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पहुँचाया जा रहा है।इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों और लगातार की गई मॉनिटरिंग के बाद जनपद के अत्यंत सीमांत गांव थपलियालखेड़ा और चम्पावत की एकमात्र जनजाति राजी बाहुल्य गांव खिरद्वारी में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। बिजली की समस्या से जूझ रहे इन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में यूपीसीएल (उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर नए विद्युत कनेक्शन लगाए गए हैं। विभागीय कार्रवाई के तहत सीमांत थपलियालखेड़ा गांव में 36 नए बिजली के कनेक्शन लगाए गए हैं, जबकि राजी जनजाति के खिरद्वारी गांव में 35 नए परिवारों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है।इन दोनों गांवों में कुल 71 नए कनेक्शन लगने से वर्षों से अंधेरे और ऊर्जा संकट का सामना कर रहे स्थानीय ग्रामीणों के जीवन में एक नया सवेरा आया है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में भी जिले के ऐसे सभी वंचित और सुदूरवर्ती क्षेत्रों को चिन्हित कर वहाँ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि ‘आदर्श चम्पावत’ के तहत कोई भी नागरिक मुख्यधारा से पीछे न छूटे।
kamal bhandari editor in chief ।

