भिंगराड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज भिंगराड़ा में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) और अभिभावक शिक्षक संघ (पीटीए) का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य पंकज पंत ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से अमर सिंह को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा नवीन नाथ को अभिभावक शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विद्यालय के शैक्षिक और सर्वांगीण विकास में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर परिषदीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी चंद्रशेखर जोशी ने मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
प्रधानाचार्य पंकज पंत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय हित में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने समाजसेवी चंद्रशेखर जोशी के निरंतर सहयोग के लिए विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।
बैठक में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

