धारचूला (पिथौरागढ़) । लिपुलेख दर्रे से सात साल बाद शुरू हो रहे भारत-चीन व्यापार के लिए ट्रेड कार्यालय का उद्घाटन हो गया है। पहले दिन 20 व्यापारियों ने आवेदन किया। दोनों देशों के बीच व्यापार को लेकर व्यापारियों में काफी उत्साह है।
सोमवार को उप जिलाधिकारी आशीष जोशी ने एसडीएम कार्यालय परिसर में रिबन काटकर ट्रेड कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि व्यापार के 300 पास उपलब्ध हो गए हैं। आवेदनों के सत्यापन के बाद व्यापारियों को पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को लिपुलेख पास आईटीबीपी सुरक्षा मुहैया कराएगी। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से वार्ता कर व्यापार संबंधी जानकारियां लीं। एसडीएम जोशी ने बताया कि पिछले वर्ष एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ था। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दोनों देशों के बीच व्यापार अधिक होगा। भारत चीन व्यापार समिति के अध्यक्ष जीवन सिंह रोंकली ने शासन-प्रशासन से नेपाली हेल्पर को साथ ले जाने की अनुमति देने की मांग की। समिति के महासचिव दौलत सिंह रायपा ने सात वर्षों के बाद शुरू हो रहे व्यापार पर खुशी जताते हुए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया। व्यापारियों ने अपना सामान गुंजी और गर्ब्यांग पहुंचा दिया है। इस दौरान तहसीलदार दमन शेखर राणा, रुकुम बिष्ट, महिराज गर्ब्याल, अरविंद रोंकली, शंकर गुंज्याल, अर्चना गुंज्याल, बिशन गर्ब्याल, चक्कर सिंह गर्ब्याल, खीमानंद भट्ट आदि मौजूद रहे।
धारचूला में भारत-चीन व्यापार के ट्रेड कार्यालय का उद्घाटन

