चंपावत में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा जनपदप्रभात फेरियों, भव्य झांकियों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा देशभक्ति का समां चंपावत।

जनपद चंपावत में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर, बनबसा, पाटी, बाराकोट, रीठा साहिब, सुखीढांग और अमोड़ी सहित पूरे जनपद में जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया और ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई भव्य प्रभात फेरियों से हुई। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ स्कूली बच्चों ने नगरों में देशभक्ति का संदेश दिया। चंपावत और लोहाघाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों ने आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर, जिला सूचना कार्यालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सभी की सहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, वीरांगनाओं, शहीद परिवारों और प्रतिभावान स्कूली बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।वहीं पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने ध्वजारोहण कर पुलिस कर्मियों एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।होली फेथ स्कूल चंपावत में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम देखने पहुंचे अभिभावकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और तालियों से उनका स्वागत किया।जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि धूरा श्री सुंदर सिंह बोहरा, ब्लॉक प्रमुख चंपावत श्रीमती अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि चंपावत श्री प्रकाश तिवारी तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम के निदेशक श्री रोहित बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा फहराकर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश की विविधता, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की शानदार झलक प्रस्तुत की। बच्चों के जोश और उत्साह ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में नई ऊर्जा भर दी।कुल मिलाकर 15 अगस्त के अवसर पर पूरा चंपावत जनपद तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। गांव से लेकर शहर तक और विद्यालयों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक हर जगह देशभक्ति की लहर दिखाई दी। शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए जनपदवासियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *