चंपावत। उत्तरांचल स्वर संगम संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय परिवारों की मदद के लिए सराहनीय पहल की है। संस्था अब जरूरतमंद परिवारों के परिजनों के अंतिम संस्कार में आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इसके लिए संस्था अध्यक्ष सुंदर सिंह बिष्ट ने जिलाधिकारी से जनहित में सेवा कार्य संचालित करने की अनुमति मांगी है।
संस्था अध्यक्ष सुंदर सिंह बिष्ट ने बताया कि यह अभियान उनके पूज्य पिता स्वर्गीय उम्मेद सिंह बिष्ट की पुण्य स्मृति में शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय बिष्ट के आदर्शों और मानव सेवा की प्रेरणा से संस्था ने समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता का संकल्प लिया है।
संस्था के अनुसार जिले में रहने वाले गरीब, असहाय और आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार, जो अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने में असमर्थ हैं, उन्हें संस्था की ओर से अंतिम क्रिया के लिए 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा लावारिस शवों के सम्मानपूर्वक दाह संस्कार का पूरा खर्च भी संस्था वहन करेगी।
संस्था का उद्देश्य दुख की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों को सहारा देना और प्रत्येक दिवंगत आत्मा को सम्मानजनक अंतिम विदाई दिलाना है। इस संबंध में संस्था अध्यक्ष ने मंगलवार को जिलाधिकारी से सेवा कार्य संचालन की अनुमति देने का अनुरोध किया।

