आपदा सुरक्षा एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करें अधिकारी :

चम्पावत,

*आपदा सुरक्षा एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करें अधिकारी :

जिलाधिकारी**प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा, कार्यस्थलों पर विवरण बोर्ड एवं थर्ड पार्टी जांच से सुनिश्चित होगी गुणवत्ता और पारदर्शिता**मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं जिला योजना के कार्यों को प्राथमिकता देकर आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने पर जोर*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के अनुरूप जनपद में आपदा सुरक्षा एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ), जिलाधिकारी (नॉन एसडीआरएफ) एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही द्वितीय किस्त की धनराशि जारी करने के लिए आवश्यक अभिलेखों एवं प्रगति आख्या पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विभागों को अभिलेख समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार धनराशि जारी करने की प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा सुरक्षा से जुड़े निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्य नागरिकों की सुरक्षा और स्थानीय सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने और आपसी समन्वय से कार्यों को गति देने को कहा।निर्माण कार्यों की जानकारी आमजन को सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यस्थल पर कार्य का विस्तृत विवरण दर्शाने वाले सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी जांच कराने को भी कहा।जिलाधिकारी ने माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति बढ़ाते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों को इन योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह,मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह,उपजिलाधिकारी पाटी उज्जवल डालाकोटी,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल,समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एवं समस्त कार्यदायी संस्था वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

kamal bhandari editor in chief.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *