चम्पावत
*ग्राम धौन के युवा काश्तकारों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, स्थानीय पैदावार से कराया अवगत*
जनपद चम्पावत के ग्राम धौन के युवा काश्तकारों ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के युवा किसान श्री चंद्रप्रकाश भट्ट तथा श्री नारायण दत्त भट्ट ने जिलाधिकारी को अपने खेत की स्थानीय पहाड़ी पैदावार, जैसे उन्नत किस्म के केले तथा ककड़ी आदि से परिचित कराया और क्षेत्र में किए जा रहे कृषि कार्यों की जानकारी दी।जिलाधिकारी ने युवाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और मेहनत की सराहना की।इस दौरान काश्तकारों ने क्षेत्र में खेती-किसानी के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। किसानों ने मुख्य रूप से जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव हेतु तार-बाड़ (फेंसिंग) कराने तथा कृषि क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी।किसानों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि शासन व प्रशासन स्तर से उनकी सभी समस्याओं का शीघ्र व प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।युवा काश्तकारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी तथा उरेडा विभाग को किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए तत्काल धरातलीय स्तर पर प्रभावी कदम उठाने और आवश्यक राहत प्रदान करने के निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान शासन व प्रशासन की प्रथम प्राथमिकता है और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का त्वरित व प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
kamal bhandari editor in chief ।

