चम्पावत,
*ग्राम स्याला में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, 40 पशुओं का एलएसडी टीकाकरण*
*पशुपालकों को एलएसडी से बचाव एवं उपचार की दी जानकारी, दवाइयों का भी किया वितरण*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में पशुपालकों को उनके क्षेत्र में ही बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय पशु चिकित्सालय चल्थी द्वारा ग्राम सभा स्याला में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में पशुपालकों को एलएसडी (लम्पी स्किन डिजीज) बीमारी के लक्षण, उसके फैलने के कारण, रोकथाम एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पशुपालकों को बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से पशु चिकित्सक से संपर्क करने तथा संक्रमित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखने सहित आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।शिविर के दौरान कुल 40 पशुओं का एलएसडी से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही पशुओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के उपचार के लिए पशुपालकों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा पशुपालकों को पशुओं में होने वाली बीमारियों के प्रति नियमित रूप से जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण एवं उपचार से पशुओं को बीमारियों से सुरक्षित रखने के साथ पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को भी कम किया जा सकता है।शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी राजकीय पशु चिकित्सालय चल्थी डॉ. प्रीति बिष्ट, पशुधन प्रसार अधिकारी सूखीढांग श्रीमती निशा ओली एवं ए-हेल्प कार्यकर्ता श्रीमती दीपा बिष्ट उपस्थित रहीं।
kamal bhandari editor in chief ।

