चम्पावत ,
*चम्पावत में आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियाँ तेज़:
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की मौजूदगी में किया एफएलसी कार्य का निरीक्षण*आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन–2027 को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद चम्पावत में ईवीएम (EVM) एवं वीवीपीएटी (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) का कार्य पूरी सतर्कता के साथ जारी है। भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपीएटी वेयरहाउस पहुँचकर चल रही जांच प्रक्रिया का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के इंजीनियरों द्वारा की जा रही मशीनों की तकनीकी जांच और कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के आवश्यक निर्देश दिए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति में मशीनों की तकनीकी जांच का कार्य संपन्न कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर उन्हें प्रक्रिया के संबंध में आश्वस्त किया तथा आगामी दिनों में भी अपनी नियमित सहभागिता बनाए रखने की अपील की, जिससे प्रथम स्तरीय जांच कार्य निर्विघ्न एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ सके।इस निरीक्षण और जांच प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी की देखरेख में समस्त तकनीकी मानकों को पूरा किया गया। मौके पर भारतीय जनता पार्टी से श्री रोहित बिष्ट, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री श्याम सिंह कार्की तथा बहुजन समाज पार्टी से श्री अजय सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही नोडल अधिकारी ईवीएम श्री विमल कुमार सूंठा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.एस. अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
kamal bhandari editor in chief.

