चम्पावत,
*टनकपुर तहसील में शेष पी०एम० किसान लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए छह स्थानों पर लगेंगे विशेष शिविर*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चम्पावत की तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) के अंतर्गत अवशेष पी०एम० किसान सम्मान निधि लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप जिलाधिकारी टनकपुर श्री प्रमोद कुमार ने बताया कि पात्र लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री मिशन मोड में पूर्ण कराने के उद्देश्य से विभिन्न निर्धारित स्थलों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लाभार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सके।उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्टूबर को ग्राम पंचायत घर गुदमी, 30 अक्टूबर को सेलागाड़ पूर्णागिरि, 31 अक्टूबर को ग्राम पंचायत घर फागपुर, 01 नवंबर को आमबाग, 02 नवंबर को डांडा ककनई तथा 06 नवंबर को धुरा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संचालित होंगे। उप जिलाधिकारी ने बताया कि शिविरों में सहायक कृषि अधिकारी, उद्यान निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तथा राजस्व विभाग के संबंधित कार्मिक उपस्थित रहकर फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में सहयोग करेंगे। शिविरों के दौरान फार्मर रजिस्ट्री के लिए आने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी का आवश्यक सत्यापन कर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराया जाएगा।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिविरों का आयोजन निर्धारित समय एवं स्थल पर सुनिश्चित करते हुए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन का उद्देश्य पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना है, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
kamal bhandari editor in chief.

