चम्पावत,
*सेवा संकल्प अभियान के तहत चम्पावत में लगा विशेषज्ञ चिकित्सकों का बड़ा शिविर*
*अपोलो हॉस्पिटल नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम जिला अस्पताल पहुंची, तीन दिवसीय निःशुल्क शिविर में सैकड़ों मरीजों को मिला विशेषज्ञ परामर्श*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आमजन को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला अस्पताल चम्पावत में 18 से 20 सितंबर तक तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जा रहा है।शिविर में अपोलो हॉस्पिटल, नई दिल्ली की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जनरल फिजिशियन, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक एवं कार्डियोलॉजी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शुक्रवार को शिविर का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे ने फीता काटकर किया।शुक्रवार को शिविर के प्रथम दिन ही बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्राप्त किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं आगे की चिकित्सा के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जनपदवासियों को सुगम, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिविर में आने वाले मरीजों के पंजीकरण, जांच एवं परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जनपदवासियों से इस निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली के मैनेजर श्री विनोद सिंह नेगी ने बताया कि विशेषज्ञ टीम द्वारा तीनों दिन मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जाएगा।यह शिविर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पर्वतीय क्षेत्र के लोगों तक विशेषज्ञ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।इस अवसर पर चम्पावत विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, सभासद श्री रोहित बिष्ट, सभासद प्रतिनिधि श्री सूरज प्रहरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Kamal bhandari editor in chief ।

