चंपावत ,
*चम्पावत जनपद में नशा मुक्ति हेतु विशेष पखवाड़ा अभियान की रूपरेखा तैयार, सितंबर से जनवरी तक आयोजित होंगी विविध गतिविधियां*
मादक पदार्थों के नियंत्रण एवं दुरुपयोग की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा निर्धारित पखवाड़ावार विशेष अभियानों के अंतर्गत चम्पावत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं नशा निरोधक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा जनपद के समस्त संबंधित अधिकारियों, शैक्षणिक संस्थानों और विभागाध्यक्षों को आगामी एक वर्ष के लिए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।इस विशेष अभियान के अंतर्गत सितंबर 2026 में जनपद के समस्त विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों एवं शपथ ग्रहण समारोहों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समाज कल्याण, शिक्षा, पुलिस एवं युवा कल्याण विभाग की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। अक्टूबर माह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा जनपद के प्रमुख स्थलों पर वाल पेंटिंग के माध्यम से नशा विरोधी संदेश दिए जाएंगे। नवंबर माह में शिक्षण संस्थानों में पोस्टर, स्लोगन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जबकि दिसंबर माह में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके उपरांत जनवरी 2027 में नुक्कड़ नाटक, गोष्ठी और प्रचार वाहनों के माध्यम से आम जनमानस को जागरूक किया जाएगा।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक गतिविधि में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के आधिकारिक लोगो एवं मैस्कॉट का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए तथा निर्धारित क्यूआर कोड के माध्यम से आमजन को शपथ दिलाई जाए।
kamal bhandari editor in chief ।

