चंपावत ,
*सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम धौन रौतला में पशु चिकित्सा शिविर आयोजित, रेबीज से बचाव हेतु दी गई जानकारी*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद चम्पावत में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में पशुपालन विभाग द्वारा विकासखंड चम्पावत के ग्राम धौन रौतला में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय पशु चिकित्सालय सचल चम्पावत की टीम द्वारा गांव में पहुंचकर पशुपालकों को द्वार पर ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। अंतरराष्ट्रीय रेबीज दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष शिविर में आठ श्वान (कुत्तों) का रेबीज रोधी टीकाकरण किया गया। इस दौरान उपस्थित पशुपालकों को रेबीज बीमारी के मुख्य लक्षणों, इसके संभावित खतरों, बचाव के उपायों और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।शिविर के दौरान पशुधन बीमा योजना के अंतर्गत आठ गोवंशीय पशुओं का बीमा भी किया गया, जिससे पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा का संबल मिला। साथ ही, बीमार पशुओं का मौके पर ही परीक्षण कर उचित उपचार प्रदान किया गया।इस अवसर पर सचल पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली शाह, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी श्री कैलाश चंद्र जोशी तथा वाहन चालक श्री दिनेश चंद्र गहतोली उपस्थित रहे और स्थानीय ग्रामीणों को पशु स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान कीं।
kamal bhandari editor in chief ।

