*मडुआ के खेत में हंसिया लेकर उतरे जिलाधिकारी, कृषक महिलाओं के साथ की फसल की कटाई*
*शक्तिपुर बूंगा में क्रॉप कटिंग प्रयोग का किया निरीक्षण, उपज का सटीक आकलन करने के निर्देश**किसानों से किया संवाद, किसान पंजीकरण, फसल बीमा और सरकारी क्रय केंद्रों का लाभ लेने की अपील*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को विकासखंड चम्पावत के ग्राम शक्तिपुर बूंगा में खरीफ सीजन की मडुआ फसल के क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं भी कृषक महिलाओं के साथ आनंद सिंह के खेत में हंसिया लेकर उतरे और मडुआ की फसल की कटाई की। उन्होंने किसानों से बातचीत कर खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली।राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग की टीम ने निर्धारित मानकों के अनुसार खेत में 30 वर्ग मीटर क्षेत्र में मडुआ की फसल की कटाई की। जिलाधिकारी ने फसल की मड़ाई एवं तौल कर प्राप्त उपज के आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादकता का सही आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के आंकड़े पूरी शुद्धता और पारदर्शिता के साथ तैयार किए जाएं।जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग से संबंधित आंकड़ों, फोटो एवं वीडियो को मौके पर ही CCE एग्री ऐप (GCES Agri App) पर ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग के कार्मिकों से कहा कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग समयबद्ध एवं पूरी सावधानी के साथ किए जाएं, ताकि फसल उत्पादन के सही आंकड़े प्राप्त हो सकें।किसानों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने किसान पंजीकरण एवं डिजिटल रजिस्ट्री कराने, तैयार धान को सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ लेने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा मौसम से फसल को नुकसान होने की स्थिति में क्रॉप कटिंग के आंकड़े बीमा एवं क्षति के आकलन में महत्वपूर्ण होते हैं।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्री बी.सी. पंत, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, भू-संरक्षण अधिकारी नारायण सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, ग्राम प्रधान सहित स्थानीय किसान एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रहीं।
kamal bhandari editor in chief

