पाटी पीएचसी को सीएचसी में उच्चीकृत करने की मांग तेज, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने डीएम को भेजा पत्र .
चम्पावत। विकासखंड पाटी एवं आसपास के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर पाटी के विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने जिलाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पाटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत करने की मांग की है।विधायक ने पत्र में कहा है कि पाटी एवं आसपास के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को देखते हुए वर्तमान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत किया जाना बेहद जरूरी है। सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा आपातकालीन मामलों में उन्हें अन्य स्थानों पर रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, आर्थिक खर्च और आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।पत्र में बताया गया है कि यदि पाटी पीएचसी को सीएचसी का दर्जा मिलता है तो क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलने से अनावश्यक रेफरल की समस्या भी कम होगी।विधायक ने जिलाधिकारी से सीएचसी के अनुरूप विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ, 24×7 आपातकालीन सेवाएं, प्रसव संबंधी सुविधाएं, आवश्यक जांच सेवाएं तथा अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं स्वास्थ्य मंत्री को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। पत्र पर सीएमओ चम्पावत एवं बीडीओ पाटी की ओर से भी मामले पर विधिवत उचित प्रस्ताव उपलब्ध कराने संबंधी टिप्पणी दर्ज है।पाटी क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए विधायक की इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि अब पाटी पीएचसी को जल्द सीएचसी का दर्जा मिल सकेगा।
kamal bhandari editor in chief

