पाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को CHC में उच्चीकृत करने की मांग तेज, सभासद बसंत बलराज सिंह ने डीएम को सौंपा पत्र
चम्पावत/पाटी। विकासखंड पाटी एवं आसपास के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पाटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत किए जाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में नगर पंचायत पाटी के वार्ड संख्या 02 के सभासद बसंत बलराज सिंह (बबलू सिंह) ने जिलाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।सभासद ने अपने पत्र में कहा कि पाटी क्षेत्र और आसपास के दुर्गम ग्रामीण इलाकों की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। वर्तमान में सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा आकस्मिक मामलों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, आर्थिक खर्च तथा आवागमन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।पत्र में मांग की गई है कि PHC पाटी को CHC में उच्चीकृत करते हुए केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ, 24×7 आपातकालीन सेवाएं, आवश्यक जांच सुविधाएं तथा अन्य जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।सभासद का कहना है कि पाटी को CHC का दर्जा मिलने से क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलने से अनावश्यक रेफरल की समस्या भी कम होगी।गौरतलब है कि पत्र पर CMO चम्पावत एवं BDO पाटी के स्तर से प्रकरण पर विधिवत उच्चीकरण का प्रस्ताव प्रस्तुत करने संबंधी टिप्पणी भी अंकित की गई है। इससे क्षेत्रवासियों को PHC पाटी के उच्चीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।सभासद बसंत बलराज सिंह ने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत कराने की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।
kamal bhandari editor in chief

